आगरा। लेदर, फुटवियर कंपोनेंट्स एवं टेक्नोलॉजी फेयर ‘मीट एट आगरा’ के 18वें संस्करण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आगरा फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स चैंबर (एफमेक) की ओर से सींगना स्थित आगरा ट्रेड सेंटर में आयोजित होने वाला यह तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय फेयर 3, 4 और 5 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। इसमें देश-विदेश के 250 से अधिक प्रदर्शक भाग लेंगे।
सोमवार को बाईपास रोड स्थित होटल लेमन ट्री में आयोजित आधिकारिक घोषणा कार्यक्रम में फेयर की तैयारियों और विशेषताओं की जानकारी दी गई। आयोजन में फुटवियर निर्माण से जुड़ी आधुनिक मशीनरी, कंपोनेंट्स, सामग्री, तकनीक और वैश्विक बाजार के नए रुझानों को एक ही मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा।
18 वर्षों में उद्योग के प्रमुख मंच के रूप में स्थापित हुआ ‘मीट एट आगरा’
एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने बताया कि ‘मीट एट आगरा’ अपने 18वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। वर्ष 2007 में एफमेक के पूर्व अध्यक्ष कैप्टन ए.एस. राणा ने आगरा के फुटवियर उद्योग की आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने के उद्देश्य से इसकी शुरुआत की थी। इसके बाद एफमेक के पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान में डेवलपमेंट काउंसिल फॉर फुटवियर एंड लेदर इंडस्ट्री के चेयरमैन पूरन डावर के कार्यकाल में आयोजन को नई ऊंचाइयां मिलीं।
उन्होंने कहा कि एफमेक की पूरी टीम उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार के आयोजन को अधिक व्यापक, उपयोगी और अंतरराष्ट्रीय स्वरूप देने में जुटी है।
चीन की आठ कंपनियां दिखाएंगी आधुनिक तकनीक
गोपाल गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष चीन की आठ कंपनियां फेयर में अपने उत्पाद, मशीनरी और तकनीक का प्रदर्शन करेंगी। इससे स्थानीय फुटवियर उद्यमियों को विदेशी कंपनियों के साथ तकनीकी सहयोग, संयुक्त उपक्रम और व्यावसायिक साझेदारी की संभावनाओं को समझने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय फुटवियर उद्योग के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में नए अवसर बन रहे हैं। ऐसे में निर्माताओं को नई तकनीक और आधुनिक मशीनरी से परिचित होने के साथ बदलती बाजार मांग के अनुरूप खुद को तैयार करना होगा।
इटली, चीन और ताइवान के व्यापार प्रतिनिधि भी होंगे शामिल
गोपाल गुप्ता ने बताया कि फेयर में इटली, चीन और ताइवान के व्यापार आयुक्तों को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों के साथ व्यापार समझौतों से भारतीय फुटवियर उद्योग के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में संभावनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में ‘मीट एट आगरा’ उद्योग जगत के लिए नए बाजार और कारोबारी संपर्क तलाशने का मंच बनेगा।
उन्होंने आगरा के फुटवियर निर्माताओं से अपील की कि वे चाहे निर्यात से जुड़े हों या घरेलू बाजार से, फेयर में पहुंचकर नई तकनीक, आधुनिक मशीनरी और बदलती बाजार आवश्यकताओं को समझें।
फुटवियर कैपिटल और जीआई टैग से नए अवसर
एफमेक अध्यक्ष ने कहा कि केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल द्वारा आगरा को फुटवियर कैपिटल के रूप में पहचान दिए जाने तथा आगरा के लेदर फुटवियर को जीआई टैग मिलने से स्थानीय उद्योग के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं। उन्होंने कहा कि इसका लाभ आने वाले समय में स्थानीय निर्माता, निर्यातक और पूरा फुटवियर उद्योग उठा सकेगा।
उन्होंने बताया कि पीयूष गोयल आयोजन में शामिल होना चाहते थे, लेकिन अंतरराष्ट्रीय व्यापार और शुल्क संबंधी विषयों पर प्रस्तावित अमेरिका यात्रा के कारण उनकी उपस्थिति संभव नहीं हो पा रही है।
घरेलू फुटवियर निर्माताओं की भागीदारी पर जोर
गोपाल गुप्ता ने कहा कि इस बार आयोजन समिति का विशेष जोर घरेलू बाजार से जुड़े फुटवियर निर्माताओं की भागीदारी बढ़ाने पर है। उन्होंने विजय सामा, उपेंद्र सिंह और संचित मुंजाल का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने बड़ी संख्या में उद्योग से जुड़े कारोबारियों को फेयर में शामिल कराने का आश्वासन दिया है।
करीब 20 हजार विजिटर्स के पहुंचने की संभावना
एफमेक के पूर्व अध्यक्ष कैप्टन ए.एस. राणा ने कहा कि वर्ष 2007 में जिस उद्देश्य के साथ ‘मीट एट आगरा’ की शुरुआत हुई थी, वह आज व्यापक स्वरूप ले चुका है। यह आयोजन फुटवियर निर्माताओं और आपूर्तिकर्ताओं के बीच संपर्क बढ़ाने के साथ उद्योग की आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस बार तीन दिवसीय फेयर में करीब 20 हजार विजिटर्स के पहुंचने की संभावना है।
आधुनिक तकनीक से बढ़ेगी प्रतिस्पर्धी क्षमता
एफमेक उपाध्यक्ष राजीव वासन ने कहा कि वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा के बीच आधुनिक तकनीक और नई उत्पादन प्रणालियों को अपनाना जरूरी है। चीन सहित विभिन्न देशों की कंपनियों की भागीदारी से स्थानीय उद्यमियों को आधुनिक मशीनरी, उत्पादन तकनीक, फुटवियर कंपोनेंट्स और नई सामग्री को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। इससे उत्पादन क्षमता और गुणवत्ता को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने में मदद मिलेगी।
नए कारोबारी संबंध और बाजार विस्तार का मंच
एफमेक उपाध्यक्ष राजेश सहगल ने कहा कि ‘मीट एट आगरा’ केवल मशीनरी और उत्पादों की प्रदर्शनी नहीं, बल्कि नए कारोबारी संबंध स्थापित करने का भी महत्वपूर्ण मंच है। देश-विदेश से आने वाले प्रदर्शकों और फुटवियर निर्माताओं के बीच सीधा संवाद नई व्यावसायिक साझेदारियों और बाजार विस्तार की संभावनाओं को बढ़ाएगा।
उन्होंने बताया कि 3 अक्टूबर को फेयर के उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश राज्य परिवर्तन आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज कुमार सिंह को आमंत्रित किया गया है।
‘डिस्कवर, क्रिएट, कनेक्ट, ग्रो’ होगी इस बार की थीम
फेयर चेयरमैन माला खेड़ा ने बताया कि ‘मीट एट आगरा-2026’ को ‘डिस्कवर, क्रिएट, कनेक्ट, ग्रो’ की थीम के साथ अंतरराष्ट्रीय स्वरूप दिया गया है। इसका उद्देश्य उद्योग से जुड़े लोगों को नई संभावनाएं तलाशने, नए विचार और उत्पाद विकसित करने, देश-दुनिया के कारोबारियों से जुड़ने और साझेदारियों के माध्यम से कारोबार को आगे बढ़ाने का अवसर देना है।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कंपनियों और उद्योग प्रतिनिधियों की भागीदारी से इस बार वैश्विक फुटवियर बाजार में हो रहे तकनीकी बदलाव, नए मैटेरियल, कंपोनेंट्स और आधुनिक मशीनरी की व्यापक झलक देखने को मिलेगी।
छोटे और मध्यम उद्यमों को मिलेगा लाभ
एफमेक महासचिव प्रदीप वासन ने कहा कि आगरा के फुटवियर उद्योग की बड़ी ताकत यहां के छोटे और मध्यम उद्यम, निर्माता और कुशल कारीगर हैं। ‘मीट एट आगरा’ के माध्यम से उन्हें नई तकनीक, बेहतर कच्ची सामग्री और आधुनिक उत्पादन व्यवस्थाओं की जानकारी एक ही स्थान पर मिलती है।
एफमेक सचिव अनिरुद्ध तिवारी ने कहा कि वैश्विक फुटवियर बाजार तेजी से बदल रहा है। ऐसे में गुणवत्ता, डिजाइन, नवाचार और तकनीकी उन्नयन पर लगातार ध्यान देना जरूरी है। यह आयोजन स्थानीय निर्माताओं और विशेष रूप से युवा उद्यमियों को वैश्विक बदलावों और नई कारोबारी संभावनाओं को समझने का अवसर देता है।
एफमेक कोषाध्यक्ष चंद्र मोहन सचदेवा ने कहा कि फेयर के माध्यम से फुटवियर उद्योग में नए निवेश, उत्पादन विस्तार और कारोबारी सहयोग की संभावनाओं को बल मिलेगा। देश-विदेश की कंपनियों और उद्योग प्रतिनिधियों का एक मंच पर आना आगरा के फुटवियर क्षेत्र के महत्व को दर्शाता है।
कार्यक्रम में एफमेक के सुनील मनचंदा, कुलदीप गुजराल और विकास मेहरा, आगरा शू फैक्टर्स फेडरेशन के अध्यक्ष विजय सामा, एफएएफएम के अध्यक्ष संचित मुंजाल, चेयरमैन कुलदीप कोहली तथा सीफी के प्रदेश अध्यक्ष ओपिंदर सिंह ‘लवली’ सहित अन्य उद्योग प्रतिनिधि मौजूद रहे।





