आगरा, 17 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे सेवा संकल्प दिवस के अवसर पर गुरुवार को क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, आगरा एवं पं. मनीष शर्मा डिग्री कॉलेज, कोटली बगीची, देवरी रोड के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय निःशुल्क रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में बड़ी संख्या में बेरोजगार युवाओं ने प्रतिभाग किया।
रोजगार मेले का शुभारंभ विधायक डॉ. जीएस धर्मेश ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन किया और चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उन्हें रोजगार प्राप्त करने पर शुभकामनाएं दीं।
रोजगार मेले में कुल 27 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न कंपनियों के एचआर मैनेजरों ने अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए और चयन की प्रक्रिया पूरी की। मेले में कुल 2334 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 1084 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन अथवा शॉर्टलिस्ट किया गया।
मेले में द इंडिया थर्मिट कॉरपोरेशन लिमिटेड, शेप्स डेवलप्ट हायर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, कविता डाई कट एंड स्पाइसेस, चेकमेट इंडस्ट्रियल गार्ड्स प्राइवेट लिमिटेड, होटल हावर्ड प्लाजा, आगरा मशीन टूल्स प्राइवेट लिमिटेड और डाबर फुटवेयर इंडस्ट्रीज समेत विभिन्न कंपनियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों की ओर से अभ्यर्थियों को उपलब्ध रिक्तियों, पदों, आवश्यक योग्यता, कार्य एवं वेतन आदि की जानकारी दी गई।
पं. मनीष शर्मा डिग्री कॉलेज के निदेशक हर्षित शर्मा, प्राचार्य देवेंद्र शर्मा एवं उप प्राचार्य स्वर्ण सिंह ने भी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने युवाओं को पूरी लगन, निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
सहायक निदेशक सेवायोजन, आगरा चन्द्रचूड़ दुबे ने अभ्यर्थियों को सेवायोजन पोर्टल एवं सेवामित्र पोर्टल पर उपलब्ध रोजगार संबंधी सुविधाओं की जानकारी दी। जिला रोजगार सहायता अधिकारी ने रोजगार मेले में शामिल नियोजकों का स्वागत किया तथा अभ्यर्थियों की करियर काउंसिलिंग भी की।
इसके अलावा श्रम विभाग की ओर से सहायक श्रमायुक्त शगुन ओमर, श्रम प्रवर्तन अधिकारी एवं अन्य स्टाफ ने विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान लाभार्थियों को हितलाभ योजना के प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।
रोजगार मेले के आयोजन से बड़ी संख्या में युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए और अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों में उपलब्ध रोजगार की संभावनाओं की जानकारी भी मिली।
संवाददाता: राकेश शर्मा






