आगरा, 17 सितंबर 2026। भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर गुरुवार को जेपी सभागार, खंदारी, आगरा में ‘विश्वकर्मा स्वरोजगार एवं स्वदेशी मेला-2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना-2.0 के अंतर्गत प्रदर्शनी एवं मार्जिन मनी ऋण पोर्टल के शुभारंभ कार्यक्रम के सजीव प्रसारण को उपस्थित लोगों ने देखा और सुना।
कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद फतेहपुर सीकरी राजकुमार चाहर, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, विधायक चौधरी बाबूलाल, डॉ. धर्मपाल सिंह एवं छोटेलाल वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया तथा भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश में बढ़ते उद्योग, औद्योगिक विकास यात्रा और ओडीओपी से संबंधित लघु फिल्म का प्रसारण भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनपद के 450 लाभार्थियों को टूलकिट वितरित की गईं।
आत्मनिर्भर बनने के अवसरों का लाभ उठाएं: डॉ. बबीता सिंह चौहान
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने कहा कि विश्वकर्मा स्वरोजगार योजना किसी एक वर्ग विशेष तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाएं, युवा, बच्चे और बुजुर्ग सहित विभिन्न वर्ग इससे लाभान्वित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि जो महिलाएं नया कौशल सीखना, अपने हुनर को आगे बढ़ाना या आत्मनिर्भर बनना चाहती हैं, वे योजना का लाभ उठाएं।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत 10 लाख रुपये तक के ऋण की सुविधा के साथ बीमा का प्रावधान भी किया गया है। उन्होंने लाभार्थियों से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
डॉ. चौहान ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने परिवार के सदस्यों को भी नए कौशल सीखने और रोजगार एवं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि देश को वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, रोजगार और स्वरोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के लिए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे लाभार्थियों और प्रशिक्षकों से पूरी लगन एवं ईमानदारी से कार्य करने तथा अपने हुनर को मजबूत कर उसे आजीविका का साधन बनाने का आह्वान किया।
डॉ. चौहान ने कहा कि 10 लाख रुपये तक का ऋण व्यवसाय शुरू करने अथवा मौजूदा कार्य को विस्तार देने में मददगार हो सकता है। उन्होंने महिलाओं से अपने आसपास की अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने मन के डर और संकोच को पीछे छोड़कर अपने हुनर और सपनों को आगे बढ़ाएं। सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ाएं।
कार्यक्रम में उपायुक्त उद्योग शैलेंद्र कुमार सिंह, लीड बैंक मैनेजर केनरा बैंक ऋषिकेश बनर्जी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।
संवाददाता: अमन सिंह





