सेवा संकल्प दिवस पर यमुना आरती स्थल पर जगमगाए 15 हजार दीप आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को आगरा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में हाथी घाट स्थित यमुना आरती स्थल पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, आयुक्त नगेंद्र प्रताप और जिलाधिकारी मनीष बंसल की उपस्थिति में करीब 15 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से यमुना आरती स्थल जगमगा उठा और श्रद्धालुओं व उपस्थित लोगों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की।इस अवसर पर विधि-विधान से यमुना जी की आरती की गई। साथ ही यमुना को स्वच्छ, निर्मल और प्रदूषणमुक्त बनाए रखने का संकल्प लिया गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने यमुना संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।अभियान के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से आमजन को मिल रहे लाभ की जानकारी लोगों तक पहुंचाने, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया जा रहा है।कार्यक्रम में महंत जुगल किशोर, प्रमोद गुप्ता, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संदीप वर्मा, नायब तहसीलदार प्रियंका चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में यमुना भक्त मौजूद रहे।
संवाददाता: राम माहौर





