आगरा। पीएम पोषण योजना के तहत कार्यरत रसोइयों के सम्मान और कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन सिकंदरा स्थित होली पब्लिक स्कूल में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिलाधिकारी मनीष बंसल, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह और बीएसए राकेश कुमार सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया।कार्यक्रम के दौरान लखनऊ से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण अधिकारियों, शिक्षकों और रसोइयों ने उत्साहपूर्वक देखा और सुना। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, फतेहपुर सीकरी की छात्राओं ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।प्रदेश में पीएम पोषण योजना के तहत कार्यरत 3.54 लाख रसोइयों को 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने की शुरुआत की गई। वहीं, आगरा जिले के करीब 5,600 रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए।इसके साथ ही रसोइयों के मानदेय में 1,000 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी की गई है, जिससे अब उनका कुल मानदेय 3,000 रुपये प्रतिमाह हो गया है। ड्रेस या साड़ी के लिए मिलने वाली राशि भी 500 से बढ़ाकर 1,000 रुपये कर दी गई है।रसोइयों को सामाजिक सुरक्षा देने के लिए 2 लाख रुपये तक के दुर्घटना बीमा को लेकर भारतीय स्टेट बैंक के साथ एमओयू का आदान-प्रदान भी किया गया।सरकार की ओर से रसोइयों की कार्यक्षमता और पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए किचन गार्डन, पाक कला प्रतियोगिता और पोषण फिल्म के माध्यम से प्रशिक्षण की भी शुरुआत की जाएगी। प्रदेश के 3.54 लाख रसोइयों में करीब 93 प्रतिशत महिलाएं हैं।कार्यक्रम में विभिन्न विकासखंडों से आए रसोइयों को सम्मानित किया गया और मानदेय वृद्धि का प्रतीकात्मक चेक भी वितरित किया गया। इस दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में रसोइये मौजूद रहे।






