‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत आगरा पुलिस ने रामलाल वृद्ध आश्रम में सम्मान समारोह आयोजित कर बुजुर्ग माताओं के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का संदेश दिया।14 अक्टूबर 2026 को सहायक पुलिस आयुक्त हरिपर्वत बजरंग प्रसाद के नेतृत्व में थाना सिकंदरा और थाना हरिपर्वत के प्रभारी निरीक्षकों तथा मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने वृद्ध आश्रम में रह रही बुजुर्ग माताओं से आत्मीय संवाद किया और उनका कुशलक्षेम जाना।पुलिस टीम ने बुजुर्ग माताओं को शॉल ओढ़ाकर और साड़ियां भेंट कर सम्मानित किया। इस आत्मीय सम्मान से बुजुर्ग माताएं भावुक हो उठीं। उनके चेहरों पर खुशी और अपनत्व के भाव नजर आए।कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन, उनके अधिकारों और डिजिटल व साइबर अपराधों से बचाव के प्रति भी जागरूक किया गया।इस पहल के माध्यम से आगरा पुलिस ने समाज में महिलाओं और बुजुर्ग माताओं के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता तथा अपनत्व की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। पुलिस अधिकारियों ने मिशन शक्ति अभियान के जरिए महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए जागरूकता कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने पर जोर दिया।






