आगरा। होमगार्ड स्वयंसेवकों के पदों पर एनरोलमेंट प्रक्रिया-2025 के तहत चयनित अभ्यर्थियों की चिकित्सा परीक्षा जारी है। जिला कमांडेंट होमगार्ड्स राहुल कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आगरा जनपद के 1232 पुरुष एवं महिला चयनित अभ्यर्थियों की सूची प्राप्त हुई है। इन अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण 12 अक्टूबर 2026 से पुलिस लाइन्स, आगरा में जनपदीय चिकित्सा बोर्ड द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 17 अक्टूबर 2026 तक कुल 600 अभ्यर्थियों को मेडिकल परीक्षण के लिए बुलाया गया, जिनमें से 591 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 9 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। उपस्थित अभ्यर्थियों में से 571 मेडिकल परीक्षण में सफल और 20 असफल पाए गए।
29 अक्टूबर को होगा पुनः मेडिकल परीक्षण मेडिकल परीक्षण में असफल घोषित किए गए 20 अभ्यर्थियों ने जनपदीय चिकित्सा बोर्ड के निर्णय से संतुष्ट न होने के कारण मंडलीय चिकित्सा बोर्ड के समक्ष पुनः परीक्षण कराने के लिए अपील की है। इन अभ्यर्थियों के पुनः मेडिकल परीक्षण की तिथि 29 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
संबंधित अभ्यर्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे 19 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन्स, आगरा से अपना बुलावा पत्र प्राप्त कर लें, ताकि निर्धारित तिथि पर मंडलीय चिकित्सा बोर्ड के समक्ष उपस्थित हो सकें।
मेडिकल परीक्षा के लिए जरूरी निर्देश
जिला कमांडेंट ने बताया कि चिकित्सा परीक्षण का परिणाम उसी दिन घोषित कर दिया जाता है। परिणाम की एक प्रति पुलिस लाइन्स के नोटिस बोर्ड पर भी चस्पा की जाती है।
जिन अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण अभी बाकी है, उन्हें निर्धारित तिथि पर बताए गए अभिलेखों की प्रमाणित प्रतियों और मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा। इसके साथ ही अभ्यर्थियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे मेडिकल परीक्षण के लिए आते समय घड़ी, मोबाइल फोन और बैग लेकर परिसर में प्रवेश न करें। इन वस्तुओं के साथ आने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी स्थिति में परिसर के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।





