मिशन शक्ति अभियान के तहत एसीपी फतेहाबाद इमरान अहमद ने मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए झोपड़ी में रह रही एक जरूरतमंद महिला की मदद की। महिला की परिस्थितियों की जानकारी मिलने पर एसीपी डौकी पुलिस टीम के साथ ग्राम नरि स्थित उसकी झोपड़ी पर पहुंचे और उसकी समस्याएं सुनीं।जानकारी के अनुसार, महिला पिछले चार वर्षों से झोपड़ी में रहने को मजबूर है। भीषण गर्मी, कड़ाके की ठंड और बरसात के बीच वह कठिन परिस्थितियों में अपना जीवन गुजार रही है। बातचीत के दौरान महिला ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि उसे कई बार बासी रोटी खाकर गुजारा करना पड़ता है। उसकी स्थिति जानकर पुलिसकर्मियों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उसकी मदद करने का निर्णय लिया।इसके बाद एसीपी इमरान अहमद ने महिला को राशन सामग्री, फल-सब्जियां और घरेलू उपयोग का जरूरी सामान भेंट किया। पुलिस की इस पहल से महिला को राहत मिली और उसके चेहरे पर खुशी दिखाई दी।स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस मानवीय कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद महिलाओं की सहायता करना मिशन शक्ति अभियान की भावना के अनुरूप एक सराहनीय पहल है।इस दौरान थाना प्रभारी डौकी सुनीत कुमार सहित मिशन शक्ति अभियान से जुड़े अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।
संवाददाता: कासिम मलिक





