आगरा। उत्तर भारत में राष्ट्रीय स्तर के मानसिक स्वास्थ्य एवं तंत्रिका विज्ञान संस्थान NIMHANS-2 की स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जे.पी. नड्डा से मुलाकात कर आगरा स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड हॉस्पिटल (IMHH) परिसर में NIMHANS-2 की स्थापना का अनुरोध किया।दरअसल, केंद्रीय बजट में बेंगलुरु स्थित NIMHANS की तर्ज पर उत्तर भारत में एक नए राष्ट्रीय स्तर के मानसिक स्वास्थ्य एवं तंत्रिका विज्ञान संस्थान की स्थापना की घोषणा की गई थी।इसी क्रम में प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात कर आगरा के IMHH परिसर में NIMHANS-2 स्थापित करने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री के आगरा दौरे के दौरान सार्वजनिक सभा में भी उन्होंने इस मांग को प्रमुखता से उठाया।इसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने IMHH, आगरा में NIMHANS-2 की स्थापना के समर्थन में विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन यानी DPR तैयार कर केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा से हुई मुलाकात में प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने अपना संस्तुति पत्र, उत्तर प्रदेश सरकार की संस्तुति और DPR की प्रति सौंपते हुए आगरा में NIMHANS-2 स्थापित करने का अनुरोध किया।वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने प्रस्ताव और उत्तर प्रदेश सरकार की संस्तुति पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।अगर यह प्रस्ताव मंजूर होता है, तो आगरा में मानसिक स्वास्थ्य और तंत्रिका विज्ञान के क्षेत्र में उच्च स्तरीय उपचार, शोध और प्रशिक्षण की सुविधाओं को बड़ा विस्तार मिलने की उम्मीद है।





