आगरा में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 12 जुलाई को जिलेभर में 51 लाख 94 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अभियान के तहत 5,178 स्थानों पर पौधारोपण किया जाएगा।इसी को लेकर सर्किट हाउस में प्रमुख सचिव, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास तथा जनपद के नामित नोडल अधिकारी डॉ. हरिओम (आईएएस) की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।बैठक में अधिकारियों ने बताया कि वन विभाग 19 लाख और 27 से अधिक अन्य विभाग 34 लाख 94 हजार पौधे लगाएंगे। डीएफओ राजेश कुमार ने पीपीटी के माध्यम से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की कार्ययोजना और तैयारियों की जानकारी दी।डॉ. हरिओम ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि पौधारोपण की ग्राउंड लेवल मॉनिटरिंग, जियो टैगिंग, सिंचाई, फेंसिंग और अनुरक्षण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के बाद प्रत्येक स्थल पर विभागीय अधिकारियों, सिविल सोसायटी और स्थानीय लोगों की भागीदारी वाली समितियां बनाई जाएं, जो पौधों की देखरेख और सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाएं।बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि यह अभियान जनआंदोलन का रूप ले सके। साथ ही सभी विभाग अपने पौधारोपण की जीपीएस युक्त फोटो और रिपोर्ट कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराएं।अधिकारियों ने बताया कि 12 जुलाई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक जिलेभर में व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक हरियाली बढ़ाकर स्वच्छ, स्वस्थ और संतुलित पर्यावरण का निर्माण करना है।बैठक में जिलाधिकारी मनीष बंसल, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, एडीएम प्रशासन आजाद भगत सिंह, डीएफओ राजेश कुमार, सीएमओ डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





