आगरा पुलिस लाइन्स में आयोजित तीन दिवसीय 18वीं अंतर जनपदीय फुटबॉल एवं वैज्ञानिक अनुसंधान प्रतियोगिता-2026 का भव्य समापन समारोह संपन्न हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अपर पुलिस महानिदेशक, आगरा जोन एस.के. भगत मौजूद रहे। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों व प्रतिभागियों को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित कियातीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में आगरा जोन के आठ जनपदों की पुरुष एवं महिला फुटबॉल टीमों के कुल 196 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। वहीं वैज्ञानिक अनुसंधान प्रतियोगिता में सात जनपदों के 35 प्रतिभागियों ने अपने नवाचार और शोध प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों और प्रतिभागियों ने खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया।फुटबॉल प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में कमिश्नरेट आगरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चल वैजयंती ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि जनपद फिरोजाबाद उपविजेता रहा। महिला वर्ग में जनपद फिरोजाबाद ने चल वैजयंती ट्रॉफी जीतकर पहला स्थान हासिल किया, जबकि कमिश्नरेट आगरा उपविजेता रहा।समापन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि अपर पुलिस महानिदेशक एस.के. भगत ने सभी खिलाड़ियों और प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत बनाते हैं। उन्होंने वैज्ञानिक अनुसंधान प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के नवाचारों की भी प्रशंसा की और भविष्य में ऐसे आयोजनों को और अधिक प्रभावी बनाने की बात कही।इस तरह खेल भावना, अनुशासन और नवाचार का संगम बनी 18वीं अंतर जनपदीय फुटबॉल एवं वैज्ञानिक अनुसंधान प्रतियोगिता-2026 का सफलतापूर्वक समापन हुआ। विजेता खिलाड़ियों और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं





