आगरा। मतदाता सूची को अद्यतन करने और छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए चलाए जा रहे विशेष मतदाता अभियान के तहत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने 17 अक्टूबर को विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ की उपस्थिति, मतदाता पंजीकरण कार्य और विशेष कैंप की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निर्धारित बूथों पर बिना उचित कारण अनुपस्थित पाए गए बीएलओ के वेतन में कटौती करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने 87 छावनी विधानसभा क्षेत्र के हॉलमैन पब्लिक स्कूल और राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी), 88 दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के एमडी जैन इंटर कॉलेज तथा 89 उत्तर विधानसभा क्षेत्र के आरईआई इंटर कॉलेज और राधावल्लभ इंटर कॉलेज, दयालबाग में बने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित सुपरवाइजर और बीएलओ से प्राप्त फॉर्म, मतदाता सूची में दर्ज नामों, छूटे हुए मतदाताओं तथा नाम, पता और फोटो में संशोधन से संबंधित कार्यों की जानकारी ली। कुछ मतदान केंद्रों पर बीएलओ के अनुपस्थित मिलने पर उन्होंने संबंधित सुपरवाइजर से जवाब-तलब किया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सूरसदन में प्रशिक्षण में शामिल बीएलओ को अनुपस्थित न माना जाए, जबकि बिना प्रशिक्षण के अपने निर्धारित बूथ पर अनुपस्थित पाए जाने वाले बीएलओ के खिलाफ वेतन कटौती की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जुड़ने से छूटना नहीं चाहिए। 24 अक्टूबर को चलेगा विशेष मतदाता अभियान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और बीएलओ को आगामी 24 अक्टूबर 2026 को होने वाले विशेष अभियान दिवस का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के साथ समन्वय स्थापित कर घर-घर संपर्क किया जाए और छूटे हुए पात्र मतदाताओं से फॉर्म भरवाकर उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की कार्रवाई की जाए। सभी बीएलओ निर्धारित समय पर अपने बूथों पर उपस्थित रहकर नागरिकों की सहायता करें। निरीक्षण के दौरान राधावल्लभ इंटर कॉलेज में अभियान में उल्लेखनीय सहभागिता के लिए स्काउट-गाइड की सराहना की गई। साथ ही, 24 अक्टूबर के विशेष अभियान दिवस को लेकर नगर निगम के कूड़ा कलेक्शन वाहनों के माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए।डीएम की मतदाताओं से अपीलजिलाधिकारी मनीष बंसल ने जनपदवासियों से अपील की कि वे 24 अक्टूबर को अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर स्वयं और परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांचें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में नहीं है, तो फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करें। मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पता सहित अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकता है।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (नगर) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान, एसीएम नितिन तेवतिया, नायब तहसीलदार अनिल चौधरी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।






